वर्षा के दौरान पुल-पुलियों पर बरती जाए पूरी सावधानी : कलेक्टर अंशुल गुप्ता

 




- एसडीएम ने बेतवा नदी के विभिन्न घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण

विदिशा, 28 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में वर्षा ऋतु के दौरान नदी-नालों में जलस्तर एवं जल की मात्रा बढ़ने से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में पुल-पुलियों एवं नदी-नालों के आसपास पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा के दौरान जलभराव अथवा नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इसी क्रम में विदिशा एसडीएम मनीष जैन ने शुक्रवार को बेतवा नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर, घाटों की स्थिति तथा वर्षा के कारण उत्पन्न संभावित परिस्थितियों का जायजा लिया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार निधि लोधी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

एसडीएम जैन ने संबंधित अमले से नदी के जलस्तर एवं आसपास की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में घाटों पर विशेष सतर्कता रखी जाए तथा लोगों को नदी के तेज बहाव एवं जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान बेतवा नदी सहित अन्य नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। किसी भी स्थान पर जलस्तर बढ़ने अथवा पुल-पुलिया पर पानी आने की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी जाए तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।

प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि वर्षा के दौरान नदी-नालों, घाटों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम लेकर आवागमन न करें। प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कलेक्टर ने संप्रेषण गृह की बालिकाओं के साथ मनाया रक्षाबंधन

इधर, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने शासकीय बालिका संप्रेषण गृह पहुंचकर वहां निवासरत बालिकाओं के साथ आत्मीयता से त्यौहार मनाया। बालिकाओं ने कलेक्टर को राखी बांधकर भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की भावनाओं को जीवंत किया। कलेक्टर ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रक्षाबंधन के अवसर पर संप्रेषण गृह की बालिकाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई सुंदर कलाकृति कलेक्टर को भेंट की गई। कलेक्टर ने बालिकाओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान कलेक्टर गुप्ता को महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांस्बा ने भी राखी बांधी।

कलेक्टर ने संस्था में निवासरत विधि-विवादित बालिकाओं से मुलाकात कर उनकी स्थिति एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए ब्रिज कोर्स एवं ओपन स्कूलिंग के माध्यम से उनकी शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांस्बा को दिए। साथ ही बालिकाओं को भविष्य में रोजगारपरक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कंप्यूटर के शॉर्ट टर्म कोर्सेज से जोड़ने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने बालिकाओं से उनके प्रकरणों एवं संस्था में रहकर प्राप्त की जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा। कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से संप्रेषण गृह की बालिकाओं में उत्साह एवं अपनत्व की भावना देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर