समयबद्ध डिजिटल सेवाओं और पंचायत ऑडिट को करे सुनिश्चित : मंत्री पटेल
- मंत्री पटेल ने मध्य प्रदेश राज्य टेक ई-पंचायत सोसाइटी की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
भोपाल, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को मप्र राज्य टेक ई-पंचायत सोसाइटी की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि विभाग की सभी ऑनलाइन सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेवा के लिए पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा प्रदर्शित हो तथा नागरिकों से जुड़ी प्राथमिकता वाली सेवाओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पंचायत दर्पण पोर्टल के विकास एवं संधारण, विभागीय समेकित पोर्टल, पेसा एक्ट मॉड्यूल, भाषिणी के माध्यम से हिंदी अनुवाद सुविधा तथा सुगम मॉनिटरिंग प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मंत्री पटेल ने पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए डिजिटल रिमोट ऑडिट सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत ऑडिट के लिए आवश्यक कानूनी प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं को सुदृढ़ किया जाए, जिससे ऑडिट व्यवस्था अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बन सके तथा पंचायतों में सुशासन एवं वित्तीय अनुशासन को और मजबूती मिले।
बैठक में बताया गया कि नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी भूमि एवं संपत्ति संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश की 10,554 ग्राम पंचायतों में अटल सेवा केंद्र (कॉमन सर्विस सेंटर) स्थापित किए जा चुके हैं तथा शेष ग्राम पंचायतों में केंद्र स्थापित करने की कार्यवाही सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा की जा रही है। साथ ही 294 सेवाओं का एकीकरण कर ग्रामीण नागरिकों को विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर