विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों का करें त्वरित निराकरणः संभागायुक्त शर्मा

 


भोपाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए है कि कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। कार्यालय में ई-ऑफिस व्यवस्था को मजबूत बनाएं और ई-फाइल्स पर ही प्रकरण भिजवाएं।

संभागायुक्त शर्मा ने सोमवार को कमिश्नर कार्यालय सभागार में संभागायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा और सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में संभागायुक्त शर्मा ने लंबित भूमि आवंटन प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण, लोकसेवा गारंटी अधिनियम प्रकरण, आयुक्त कार्यालय की विकास शाखा में लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। भोपाल जिले के लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक होने से उन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त शर्मा ने लंबित विभागीय जांच के प्रकरणों और गूगल शीट पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण संबंधी निर्देश दिए। सीहोर जिले में गूगल शीट पर प्राप्त शिकायतों की संख्या अधिक पाई गई।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि न्यायालयीन प्रकरणों में समय से जबाबदावा प्रस्तुत करना तथा दिए गए निर्णेयों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

पुराना सचिवालय परिसर स्थित शासकीय कार्यालयों को अन्यत्र शिफ्ट कराएं

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि पुराने सचिवालय (ओल्ड सेक्रेटिएट) परिसर स्थित शासकीय कार्यालयों को एक माह के अंदर अन्यत्र शिफ्ट कराना सुनिश्चित करें। संभाग आयुक्त ने सोमवार को पुराने सचिवालय (ओल्ड सेक्रेटिएट) परिसर के री-डेंसिफिकेशन के संबंध में समीक्षा बैठक ली। संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि पुराना सचिवालय में निर्माण संबंधी कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाना है, अत: सभी संबंधित विभाग अपने कार्यालयों को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के कार्य में अब बिल्कुल विलंब न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर