भोपाल में जांच अभियान के दौरान 11 परिसरों में पकड़ी गई बिजली चोरी

 


भोपाल, 03 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल शहर संभाग पूर्व अंतर्गत चांदबढ़ जोन में बिजली चोरी की शिकायतों एवं स्मार्ट मीटरों से प्राप्त संकेतों के आधार पर विशेष जांच अभियान में कार्रवाई की गई। विजिलेंस ऐप में दर्ज मामलों के आधार पर 11 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जांच में कुल 11 परिसरों में विद्युत पोल से सीधे तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए विद्युत चोरी पाई गई। सभी मामलों में नियमानुसार पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम 2003 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। कंपनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर एवं डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से विद्युत चोरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। विद्युत चोरी की रोकथाम एवं राजस्व संरक्षण के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत चोरी या अनियमितता से बचें। विद्युत चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था की गुणवत्ता एवं सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

मुरैना वृत्त में एक दिन में बिजली चोरी के 302 प्रकरण दर्ज, 50 लाख रुपये से अधिक की गई बिलिंग

इसी तरह मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मुरैना वृत्त में बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के विरुद्ध विशेष जांच अभियान के तहत सतर्कता ओ एंड एम एवं बीआई सेल की संयुक्त स्थानीय टीमों द्वारा व्यापक जांच कार्रवाई करते हुए कुल 302 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी मामलों में नियमानुसार आंकलन कर लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की राशि की बिलिंग की गई।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, जांच में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत बिजली चोरी के 245 मामलों में पंचनामा तैयार किये गये। वहीं धारा 126 के अंतर्गत 7, धारा 138 के अंतर्गत 17 तथा अन्य 33 प्रकरण दर्ज किए गए। वृत्त के विभिन्न संभागों में सबलगढ़ संभाग में सर्वाधिक 103 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त अंबाह संभाग में 82, मुरैना-1 संभाग में 67 तथा मुरैना-2 संभाग में 50 प्रकरण दर्ज किए गए।

कंपनी ने बताया कि बिजली चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें तथा बिजली चोरी जैसी गतिविधियों से दूर रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर