पश्चिम मप्र में अब 83,500 स्थानों पर घरों के छतों से हो रहा बिजली उत्पादन
- पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में अब तक 470 करोड़ की सब्सिडी दी
इंदौर, 14 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मध्य प्रदेश में रूफ टॉप सोलर नेट मीटर स्थापित परिसरों का आंकड़ा 83,500 तक पहुंच गया है। यह मप्र की तीनों की वितरण कंपनी में सर्वाधिक हैं। पश्चिम क्षेत्र की रूफ टॉप सोलर नेट मीटर स्थापना की कुल क्षमता भी 525 मैगावाट से ज्यादा हो गई हैं।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने हरित व पर्यावरण हितैषी ऊर्जा के उत्पादन में सहयोग करने वाले बिजली उपभोक्ताओं को इस कार्य के लिए बधाई दी है।
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पीएम सूर्यघर समेत सभी योजनाओं में सौर ऊर्जा संयंत्रों के विभागीय कार्य के लिए विशेष प्रकोष्ठ कार्यरत हैं, जो सौर ऊर्जा संबंधित प्रकरणों की दैनिक समीक्षा कर मंजूरी कार्य समय पर कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य़घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर व्यापक उत्साह बना हुआ हैं, क्योंकि इस योजना में प्रति उपभोक्ता 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही हैं। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लागू होने के बाद से सौर ऊर्जा को लेकर उपभोक्ताओं में व्यापक उत्साह एवं अपने परिसरों में अपने उपयोग की बिजली तैयार करने की विशेष रूचि का संचार हुआ, इसी कारण अब पश्चिम मप्र में रूफ टॉप सोलर का आंकड़ा 83,500 के पार पहुंच गया हैं।
प्रबंध निदेशक सिंह ने बताया कि रूफ टॉप सोलर की कुल संख्या में से संपूर्ण इंदौर नगरीय क्षेत्र में 33 हजार से ज्यादा सोलर संयंत्र स्थापित हैं, यह मप्र के अन्य शहरों से कई गुना ज्यादा है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में पश्चिम क्षेत्र काफी अग्रणी है। यहां पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में करीब 67 हजार स्थानों पर संयंत्र लगाए गए है। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में करीब 60 हजार बिजली उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने पर करीब 470 करोड़ रुपये से ज्यादा की सब्सिडी डीबीटी माध्यम से वितरित हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि छतों से सोलर उत्पादन में इंदौर नगरीय क्षेत्र करीब 33 हजार स्थानों के साथ अव्वल हैं, वहीं दूसरे स्थान पर उज्जैन जिला 7500 स्थान, तीसरा स्थान रतलाम जिला 6800, चौथा स्थान देवास जिला 4900, पांचवा स्थान मंदसौर जिला 4500 स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन वाला हैं। अन्य सभी जिलों में भी प्रतिमाह उपभोक्ता रूफ टॉप सोलर लगाने के लिए पंजीयन करा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर