मप्रः महाविद्यालयों में भी चलेगा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
- पर्यावरण संरक्षण के साथ विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल के लिए भी किया जाएगा प्रेरित
भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने बुधवार को सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शासन के निर्देश के अनुसार ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान व्यापक रूप से संचालित किया जाना है। उच्च शिक्षा संस्थानों में अभियान की गतिविधियों को आयोजित कर पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की जानकारी Meri LiFE पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पौधों की देखभाल पर रहेगा विशेष जोर
विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि पौधरोपण के साथ उनकी जीवितता और संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए पौधों को पानी देने, उनकी सुरक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। नए पौधरोपण के साथ पूर्व में लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। पौधरोपण के साथ जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के साथ जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मां की स्मृति से जुड़ेगा पौधरोपण
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाए जाने वाले पौधे को मां की स्मृति और सम्मान से जोड़ने की परिकल्पना की गई है। इससे पौधरोपण को केवल एक गतिविधि के बजाय भावनात्मक और सामाजिक सहभागिता का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज के लोगों को भी अभियान से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर