मप्रः सिवनी के डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल

 


सिवनी, 12 अक्टूबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से संबंध रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को विभिन्न राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति एवं फेरबदल की घोषणा की। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में डॉ. बिसेन की उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति की पुष्टि की गई है।

डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। वे लंबे समय से भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश विधानसभा में चार बार विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया। वे वर्ष 1990, 1993, 1998 और 2003 में विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया।

डॉ. बिसेन ने वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वे बालाघाट संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होकर संसद पहुंचे और वर्ष 2024 तक सांसद रहे।

उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ ही प्रदेश को नया संवैधानिक प्रमुख मिलेगा। वे वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के अनुसार, नियुक्तियां संबंधित पदाधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।

जिला भाजपा ने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन उत्तराखंड के विकास, जनकल्याण और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में अपनी भूमिका का प्रभावी निर्वहन करेंगे। उनके राज्यपाल नियुक्त होने पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में प्रसन्नता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया