मप्रः स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरण एवं नवनियुक्त कर्मचारियों का प्रशिक्षण मंगलवार को
भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार, 21 अक्टूबर को अनुकंपा नियुक्ति आदेश वितरण एवं नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन रवींद्र भवन भोपाल में किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 938 पात्र अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति आदेश का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने सोमवार को बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 655 सहायक ग्रेड- तीन, 26 प्राथमिक शिक्षक और 257 पात्र भृत्यों को अनुकंपा नियुक्ति आदेश प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की यह संवेदनशील पहल पात्र परिवारों को शासकीय सेवा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि नियुक्ति आदेशों के वितरण उपरांत नवनियुक्त सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों, प्राथमिक शिक्षकों एवं भृत्यों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से नवनियुक्त कर्मचारियों को उनके दायित्वों और विभागीय कार्यप्रणाली से परिचित कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संभागीय संयुक्त संचालक एवं विभागीय अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभागीय कार्यों में बेहतर योगदान देने वाले अधिकारियों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर