मप्रः भोपाल में आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम ने किया मॉकड्रिल
भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में मंगलवार की रात आपदा प्रबंधन टीम ने मॉकड्रिल किया। इसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस समेत कई एजेंसियों ने हिस्सा लिया। युद्ध जैसी आपात स्थिति में लोगों को कैसे सुरक्षित निकालना है और किन सावधानियों का पालन करना है, इसका प्रदर्शन किया गया।
आपदा प्रबंधन टीम द्वारा मंगलवार की रात करीब 8 बजे सायरन बजाकर ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई। इसके बाद लोगों को बताया गया कि ऐसी परिस्थिति में घबराने के बजाय क्या कदम उठाने चाहिए और किस तरह खुद को सुरक्षित रखना चाहिए। मॉकड्रिल के दौरान अभ्यास के तौर पर चौथी मंजिल से लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत और बचाव दल ने घायल लोगों को बाहर निकालने का प्रदर्शन भी किया।
इस दौरान आग लगने की काल्पनिक सूचना पर फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की प्रक्रिया दिखाई। घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना था। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के अभ्यास भविष्य में किसी भी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने में मदद करते हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि आपात स्थिति के समय हम अपनी सुरक्षा किस तरह से करें, इसके बारे में लोगों को जागरुक करने के लिए ये मॉकड्रिल कराई गई। सबसे पहले सोसाइटी में ब्लैकआउट किया गया। उसके बाद लोगों को सभी सावधानियों के बारे में बताया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर