डिंडौरीः तेज रफ्तार कार पलटने से तीन साल की बच्ची की मौत, पिता घायल
डिंडौरी, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में करंजिया थाना अंतर्गत ग्राम गोपालपुर के पास शनिवार की रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार तीन वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पलकी बंजर टोला निवासी सुनील परस्ते (25 वर्ष) शनिवार को अपनी पत्नी और तीन साल की बच्ची स्वाती के साथ रिश्तेदारी में ग्राम खरीडीह गए हुए थे। रात में वापस लौटते समय उनकी पत्नी वहीं रुक गई, जबकि सुनील अपनी बच्ची को लेकर घर के लिए रवाना हुए। रास्ते में रात करीब 11 बजे टायर पंचर होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में बालिका के सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे उसने मौत पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीरों की सूचना पर सूचना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार सुनील को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग़ पहुंचाया। वहीं, मृतक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर