मप्र के डिंडौरी जिले में दशगात्र भोज के बाद बिगड़ी 70 से ज्यादा ग्रामीणों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती
डिंडौरी, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के मेहंदवानी जनपद अंतर्गत ग्राम झामझोला में शुक्रवार की रात दसगात्र कार्यक्रम में खाना खाने से 70 से अधिक ग्रामीणों की हालत बिगड़ गई। ग्रामीणों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी सहित मंडला जिले के मोहगांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना लगते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की रात सुखचैन धुर्वे के घर दसगात्र भोज का कार्यक्रम था। रात करीब 10 बजे कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूड़ी, सब्जी, दाल और चावल खाना खाया था। खाना खाने के बाद सभी अपने अपने घर चले गए। इसके बाद रात 12 बजे के आसपास ग्रामीणों को उल्टी दस्त शुरू हो गए। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ने लगे और शनिवार सुबह से मरीजों का मेहदवानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना शुरू हो गया।
स्थिति को देखते हुए कुछ गंभीर मरीजों को मंडला जिले के मोहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय के निर्देश पर चिकित्सा दल ने गांव में अस्थायी शिविर लगाकर इलाज शुरू किया। मरीजों को दवाइयां दी जा रही हैं और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पांडेय ने बताया कि मोहगांव अस्पताल में 50 से अधिक लोगों को भर्ती कराया गया है। इसी तरह मेहंदवानी अस्पताल में भी 20 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने पुड़ी, सब्जी, दाल, चावल खाया था। खाने में ही गड़बड़ी थी, जिससे हालत खराब हुई है।
इस जिला प्रशासन ने भोज में परोसे गए भोजन के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असली कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी तरह की तबीयत खराब होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराएं। साथ ही गांव में स्वच्छता और साफ पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर