मप्रः जनजातीय नायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर प्रदेश के सभी छात्रावासों में होंगे संवाद कार्यक्रम
- जनजातीय नायकों के शौर्य और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर विद्यार्थी करेंगे संवाद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के इतिहास में 'इंडियन राबिनहुड' के नाम से विख्यात जनजातीय महानायक क्रांतिसूर्य टंट्या भील (टंट्या मामा) के बलिदान दिवस 4 दिसम्बर को प्रदेश के सभी छात्रावासों में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थी जनजातीय नायकों द्वारा स्वाभिमान की रक्षा के लिए अप्रतिम पराक्रम और राष्ट्रीय स्वाधीनता आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी के बारे में जानेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को एक बयान में कहा कि जनजातीय नायकों का शौर्य और बलिदान देश की अमूल्य विरासत है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना और जनजातीय समाज के समग्र विकास के अवसर सुनिश्चित करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थी और युवा देश-प्रदेश के जनजातीय नायकों के अदम्य साहस, उनके संघर्ष और राष्ट्र के लिए उनके अतुलनीय योगदान पर परस्पर संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टंट्या मामा का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, मातृभूमि के प्रति समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजी हुकूमत को कड़ी चुनौती दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि टंट्या मामा को अंग्रेजों ने राष्ट्रद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और अंततः 4 दिसम्बर 1889 को तत्कालीन जब्ब्लपोर (वर्तमान जबलपुर) में फांसी दे दी थी। उनकी शहादत ने चिंगारी का काम किया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा और गति प्रदान की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वीरों के योगदान को सम्मान और नई पीढ़ी तक उनकी गौरवगाथा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी भावना से खरगौन में टंट्या मामा के नाम पर 'क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय' की स्थापना की है। वहीं, जनजातीय युवाओं को रोजगार प्रोत्साहन और आर्थिक स्वावलंबन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जनजातीय कार्य विभाग के अधीन मप्र अनुसूचित वित्त विकास निगम द्वारा 'टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना' संचालित की जा रही है। हाल ही में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन कर सभी जनजातीय महानायकों को याद किया है। टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर विशेष संवाद कार्यक्रमों का आयोजन इसी संकल्प का हिस्सा है।
राज्य सरकार के ये सभी प्रयास जनजातीय शौर्य को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवासरत जनजातीय समुदाय के समुत्थान एवं इनके समग्र विकास के लिए हमारी सरकार केंद्र सरकार के साथ कदमताल कर हर जरूरी कदम उठा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर