धारः भव्य शिव मंदिर भूमि पूजन समारोह में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 


- आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में हुआ शुभारंभ

धार, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले की धरमपुरी तहसील अंतर्गत आदिवासी अंचल के ग्राम कालीकिराय में प्रस्तावित भव्य शिव मंदिर के भूमि पूजन समारोह का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ गुरूवार को संपन्न हुआ।

परम पूज्य श्री श्री 1008 निरंजन पीठाधीश्वर, आचार्य महामण्डलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के पावन सान्निध्य, आशीर्वाद एवं मंगलमय प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। भूमि पूजन के दौरान संपूर्ण वातावरण हर-हर महादेव एवं जय श्रीराम के उद्घोषों से भक्तिमय हो उठा। संत-महात्माओं के सान्निध्य में मंदिर निर्माण के इस पावन कार्य की शुरुआत को क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि मानव जीवन को सदाचार, सेवा, संस्कार एवं आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से धर्म, संस्कृति एवं भारतीय मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

स्वामी जी ने अपने प्रवचन में कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं होता, बल्कि वह समाज को एक सूत्र में बांधने वाला आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र भी होता है। उन्होंने युवाओं से सनातन धर्म के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उनके ओजस्वी एवं प्रेरक विचारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूक और प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर नरसिंहदास महाराज एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संतजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंदिर निर्माण के इस पुण्य कार्य को समाज की आस्था एवं एकता का प्रतीक बताते हुए इसे जनसहयोग से पूर्ण करने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण हेतु तन, मन एवं धन से सहयोग का संकल्प लिया तथा भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर