देवासः 25 हजार से अधिक दीपों से लिखा वंदे मातरम, 250 ड्रोन से बनी 20 से अधिक आकृतियां

 


- उप-मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यक्रम में की सहभागिता

भोपाल, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में भी गुरुवार शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का देवास जिले में भव्य शुभारंभ हुआ। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए।

शाम 7 बजे आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, नागरिकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने जनभागीदारी के साथ 25 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए। हजारों दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड जगमगा उठा। सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन ने सेवा, संकल्प और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया। इस दौरान देश भक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

ड्रोन शो में दिखी विकसित भारत की संकल्प यात्रा

दीप प्रज्ज्वलन के बाद भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। ड्रोनों के माध्यम से आकाश में आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की गईं। ड्रोन के जरिए देवी माता, बाबा महाकाल, भारत का नक्शा और प्रधानमंत्री मोदी की आकृतियों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मध्य प्रदेश का नक्शा और विकास गाथा को प्रदर्शित किया गया। ड्रोन शो में भारत की ऐतिहासिक विकास यात्रा के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प की झलक भी आसमान में दिखाई दी। ड्रोन शो में राष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ मध्य प्रदेश एवं देवास जिले की प्रमुख उपलब्धियों, स्थानीय गौरव और विकास की सकारात्मक दिशा को भी प्रदर्शित किया गया। हाई-टेक विजुअल शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे और भव्य आयोजन के साक्षी बने।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी गरीब कल्याण और उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने स्वामित्व योजना के तहत लाखों नागरिकों को उनके अपने घर और भूमि का मालिकाना हक दिया है। स्वामित्व योजना के तहत नागरिकों की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी।

इस दौरान सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक मनोज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, राजेश यादव, भेरूलाल अटारिया, बहादुर मुकाती, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर ऋतु राज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, एमडी जल निगम केवीएस चौधरी, जिला पंचायत सीईओ नवीत धुर्वे नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित अन्य अधिकारीगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर