मप्रः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नव वर्ष पर चित्रकूट में किए भगवान कामतानाथ के दर्शन

 




- प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की

सतना, 01 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेश वासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने गुरुवार को सपरिवार चित्रकूट पहुंचकर भगवान कामता नाथ जी के प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन किए और पूजा आराधना कर प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कामदगिरि की परिक्रमा भी की। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष साधना पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल चित्रकूट में दर्शन करने के बाद सड़क मार्ग से शाम करीब 6 बजे मैहर पहुंचे, जहां उन्होंने रोपवे के जरिए मंदिर पहुंचकर माथा टेका। पूजा करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आम दर्शनार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर मंदिर की व्यवस्थाओं के बारे में जाना। इस दौरान उन्होंने एक सेवादार की भूमिका निभाते हुए 'माई की रसोई' में श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद भी बांटा। उनके इस व्यवहार की वहां मौजूद लोगों ने काफी सराहना की।

इंदौर की घटना पर जताया दुख, बोले- दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगीइसी दौरान उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों की खबर पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही दुखद घटना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने बताया कि बीमार लोगों के अच्छे इलाज के लिए प्रशासन को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक और पारिवारिक रहा। चित्रकूट से शुरू हुई उनकी यह यात्रा मैहर में मां शारदा के आशीर्वाद के साथ पूरी हुई। मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। दर्शन के बाद वे कुछ देर वहां रुके और फिर अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर