मप्रः उप मुख्यमंत्री देवड़ा गांव चलो अभियान में विभिन्न गांवों में पहुंचे, ग्रामीणों-किसानों से किया संवाद
भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मंदसौर जिले में गांव चलो अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं किसानों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्राम मुंदडी, सिंदपन, ढाबला चौपाटी, दौरवाडा, बादपुर सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं किसानों से चर्चा की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगामी एक वर्ष में मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। इससे किसानों को न केवल सिंचाई सुविधा मिलेगी बल्कि बिजली की समस्या से भी राहत मिलेगी। चंबल नदी का पानी सीधे किसानों के खेतों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के सपने को याद करते हुए कहा कि देशभर में नदियों को जोड़ने के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिससे सूखा और बाढ़ जैसी समस्याओं से स्थायी समाधान संभव होगा।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के लोगों के कार्ड बनाए गए हैं, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है। किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी सभी पात्र किसानों को मिल रहा है। इसके साथ ही गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन मिल सके।
देवड़ा ने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि देश की मिट्टी से जुड़े उत्पादों को अपनाना चाहिए। साथ ही ग्रामीणों से गांव की स्वच्छता बनाए रखने, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का आह्वान किया, जिससे वे भविष्य में देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है तथा सांदीपनी विद्यालयों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।
कार्यक्रम में जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर