दतियाः मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर देखी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं

 


दतिया, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सोमवार को दतिया प्रवास के दौरान प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री पीताम्बरा पीठ पहुंचकर मां पीताम्बरा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्री वनखण्डेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने जिला चिकित्सालय दतिया पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने टीकाकरण कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष, मेटरनिटी वार्ड, आईसीयू वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, एमएलसीयू यूनिट, स्पेशल केयर न्यू बॉर्न यूनिट सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं, शौचालयों की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक के जीवन और गरिमा के अधिकार से जुड़ी हुई हैं। प्रत्येक मरीज को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध रूप से उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी मरीज को उपचार अथवा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं हाइजीन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, अस्पताल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मरीजों के बेड पर समय-समय पर साफ एवं नई बेडशीट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. सिंह ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला चिकित्सालयों में उपलब्ध सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, जिससे विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो और नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं समयबद्ध रूप से मिल सके।

बालिका छात्रावास का किया निरीक्षण

मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सीतासागर स्थित बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई एवं भोजन व्यवस्था का जायजा लिया और छात्रावास अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने छात्रावास परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्राओं को शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियों सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छात्रावास परिसर में कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पानी की पर्याप्त निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर