दतिया उपचुनावः जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अतिरिक्त बैलेट यूनिट का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न

 


भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के लिए तैयारी क्रमिक रूप से जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सामान्य प्रेक्षक विजय भारती एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े की उपस्थिति में सोमवार को जिला स्तर पर अतिरिक्त बैलेट यूनिट का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।

रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दतिया में सोमवार को पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त बैलेट यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों ने रेंडमाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्वाचन की तैयारियों की भी समीक्षा की।

दतियाः अब तक 1.06 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी और सामग्री जब्त

दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल एक करोड़ 6 लाख 37 हजार 702 रुपये से अधिक मूल्य की नगदी, अवैध शराब एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम), एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) एवं अन्य जांच दलों द्वारा अब तक 85 लाख 82 हजार 400 रुपये की नगद राशि जब्त की गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान 15 हजार 556 लीटर शराब भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 49 हजार 302 रुपये आंकी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए निगरानी दलों द्वारा जिले में लगातार जांच एवं कार्रवाई जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर