दतिया विस उपचुनावः कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 291 केंद्रों पर हो रही वोटिंग
भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। 291 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है।
मतदान शाम 6 बजे तक होगा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों समेत कई केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात हैं।
भाजपा प्रत्याशी आशीष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ में दर्शन कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त दतिया के लिए प्रार्थना की। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कहा कि मतदाता भाजपा के अहंकार को तोड़ेंगे।
दतिया उपचुनाव में 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक लाख 16 हजार 116 पुरूष, एक लाख 4 हजार 284 महिला एवं अन्य 10 मतदाता शामिल हैं। दतिया में 291 मतदान केन्द्रों में से 185 ग्रामीण मतदान केन्द्र एवं 106 शहरी मतदान केन्द्र हैं। इनमें 233 क्रिटिकल तथा 28 वल्नरेबल मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।
एसएसबी सहित 16 सुरक्षा कंपनियों के 1422 जवानों की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। सेक्टर मोबाइल दल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं और मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसी बीच दतिया नगर के मतदान केंद्र क्रमांक 164, 165, 139 और 140 का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने और भयमुक्त दतिया के लिए 100 प्रतिशत मतदान की अपील की। दतिया के वार्ड 14 पोलिंग 139 में कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने मतदान किया। अवधेश नायक कांग्रेस से टिकट के प्रमुख दावेदार रहे हैं। घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन्होंने कहा था कि प्रदेश नेतृत्व ने उनके साथ गलत किया है। अवधेश नायक की नाराजगी के बीच कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंच से उनसे सार्वजनिक माफी मांगी थी। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की बेटी मांडवी राजे ने भी मतदान कर पार्टी की जीत का दावा किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर