दतिया विधानसभा उपचुनावः व्यय प्रेक्षक ने अकाउंट, वीवीटी एवं एसएसटी टीमों का किया निरीक्षण

 




दतिया, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक विशाल मलानी ने बुधवार को चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अकाउंट टीम, वीवीटी टीम सहित अन्य संबंधित टीमों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान व्यय प्रेक्षक मलानी ने जोहरिया चेक पोस्ट पर तैनात एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने टीम के कार्यों की समीक्षा करते हुए चुनाव संबंधी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यय प्रेक्षक ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी टीमों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों एवं निर्देशों के अनुरूप कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।

पुलिस प्रेक्षक ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण, चुनावी तैयारियों का लिया जायजा

वहीं, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पुलिस प्रेक्षक के. थियागराजन ने बुधवार को विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रेक्षक ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन से संबंधित तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। पुलिस प्रेक्षक ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सुरक्षा और सुविधा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर