दतिया विधानसभा उपचुनावः बीएलओ घर-घर जाकर वितरित कर रहे हैं मतदान पर्चिया
दतिया, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के लिए कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े के मार्गदर्शन में दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के अंतर्गत मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए घर-घर पर्चियां का वितरण किया जा रहा है, जिससे मतदान का प्रतिशत बढ़ सके।
इसी क्रम में बुधवार को बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटर पर्ची वितरित की। साथ ही मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया। बीएलओ द्वारा समस्त वार्ड वासियों से अपील की गई है कि वह अपने मत का प्रयोग आवश्यक रूप से करें और वोटर स्लिप को साथ में लेकर आए जिससे परेशानियों से बचा जा सके।
85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं एवं दिव्यांगजनों ने घर बैठे किया मतदान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा उपनिर्वाचन के अंतर्गत 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग (डाक मतपत्र) की सुविधा प्रदान की गई। इस विशेष अभियान के तहत निर्वाचन दलों ने मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गोपनीय, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष वातावरण में डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान संपन्न कराया।
बुधवार को जिन वृद्धजन एवं दिव्यांजनों द्वारा मतदान किया गया उनमें प्रमुख रूप से भाग संख्या 160 में विजय किशोर गोस्वामी, 163 में कमला देवी, रामरती नीखरा, रामकुमार श्रीवास्वात के नाम शामिल है। मतदान दलों में नियुक्त अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर तथा सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति में निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने कहा कि होम वोटिंग की यह सुविधा ऐसे वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई, जो शारीरिक कारणों से मतदान केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ थे। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान का अवसर उपलब्ध कराना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करना है। निर्वाचन आयोग की यह पहल कोई भी मतदाता पीछे न छूटे की भावना को साकार करती है।
स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियां आयोजित
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के अंतर्गत संचालित स्वीप जागरूकता अभियान के तहत मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजन को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान लोगों कहा गया कि मतदान के लिए और लोगों को प्रेरित करें और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने में अपनी भागीदारी निभाएं। स्वीप अभियान के तहत शहर में मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली। रैली विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और मतदान जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां लेकर आमजन से मतदान करने की अपील की। रैली के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया गया।
चैकिंग के दौरान मिले 3 लाख 30 हजार रुपये जप्त
दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एफएसटी टीम द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को गायत्री गार्डन पुलिस चैकिंग पाईंट पर चैकिंग के दौरान एक स्कूली वाहन क्रमांक एमपी 32 जेडएल 3524 के चालक राजू रजक से 3 लाख 30 हजार रुपये नगद जप्त किए गए। जप्त राशि के संबंध में वाहन चालक द्वारा कोई वैध कागजत प्रस्तुत नहीं किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर