दमोहः डायल-112 जवानों ने फ्रिज फटने से लगी आग के बीच घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
- घर में रखे दो गैस सिलेंडर भी तत्परता से बाहर निकाले, सूझबूझ एवं साहस से टली बड़ी दुर्घटना
भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में फ्रिज फटने से मकान में लगी आग के दौरान डायल-112 के जवानों ने त्वरित कार्रवाई एवं साहस का परिचय देते हुए घर में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों ने घर में रखे दो गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकालकर संभावित बड़ी दुर्घटना एवं जनहानि का खतरा टाल दिया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि 18-19 नवंबर की दरमियानी रात्रि लगभग 02:21 बजे बेदरा मस्जिद के पास एक मकान में फ्रिज फटने से आग लगने एवं घर में लोगों के फंसे होने की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना पर दमोह कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल एफआरवी क्रमांक-04 एवं एफआरवी क्रमांक-01 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही थाना कोतवाली, फायर ब्रिगेड एवं विद्युत विभाग को भी सूचित कर आवश्यक सहायता सुनिश्चित की गई।
डायल-112 के जवान आरक्षक रानू राय, आरक्षक भूपेंद्र पांडे, पायलट हरिशंकर एवं पायलट अनिल आठिया ने मौके पर पहुंचकर आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। जवानों ने घर के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को भी सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। इसी दौरान फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई तथा MPEB द्वारा विद्युत सप्लाई बंद की गई।
आग जैसी आपात स्थिति में डायल-112 जवानों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना त्वरित निर्णय लेकर लोगों को सुरक्षित निकालने और गैस सिलेंडरों को बाहर करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनकी सजगता, सूझबूझ एवं साहसिक कार्रवाई से संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर