ग्वालियरः पुलिस का ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के तहत साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन

 


- आईजी एवं एसएसपी ने दिलाया सुरक्षित डिजिटल समाज का संकल्प

ग्वालियर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत शनिवार को ग्वालियर पुलिस द्वारा रोटरी क्लब ग्वालियर एवं भारत विकास परिषद, शाखा ऋषि गालव के सहयोग से जिला खेल परिसर, कंपू से विशाल साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया।

साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सुरक्षित डिजिटल समाज बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अरविंद सक्सेना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल सिंह जग्गा द्वारा जिला खेल परिसर कंपू से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान व पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, रोटरी क्लब एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि आज साइबर अपराध पारंपरिक अपराधों से कहीं अधिक तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है। यदि नागरिक सतर्क रहें, किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड अथवा निवेश संबंधी लालच में न आएं तो अधिकांश साइबर अपराधों को रोका जा सकता है।

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने का जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर और परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार अपनी डिजिटल पहचान और बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए प्रेरित करें।

साइबर सुरक्षा का संदेश लेकर शहर की सड़कों पर दौड़े प्रतिभागी

करीब 3 से 4 किलोमीटर की मैराथन जिला खेल परिसर, कंपू से प्रारंभ होकर आमखो मेडिकल कॉलेज चौराहा, शीतला सहाय चौराहा, माधव डिस्पेंसरी रोड़, नया बाजार चौराहा, केआरजी कॉलेज से गुजरते हुए पुनः जिला खेल परिसर पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने सोच-समझकर क्लिक करें, साइबर सुरक्षा-हम सबकी जिम्मेदारी तथा जागरूक नागरिक-सुरक्षित समाज जैसे संदेशों के माध्यम से आमजनों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर मैराथन के विजेताओं को नगद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। साथ ही प्रथम 500 प्रतिभागियों को रोटरी क्लब ग्वालियर की ओर से टी-शर्ट वितरित की गई। आयोजन के सफल संचालन में रोटरी क्लब ग्वालियर, भारत विकास परिषद, खेल विभाग, जिला प्रशासन एवं ग्वालियर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आर्मी एवं सीआरपीएफ के जवानों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

“सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा द्वारा सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार, मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल के साथ आर्मी मुरार कैंट एवं सीआरपीएफ पनिहार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने कार्यक्रम के दौरान आर्मी एवं सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, डिजिटल फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। उन्हें फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश एवं नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने से होने वाले जोखिमों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों से कहा कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत करने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर