मप्र को आयुष्मान भारत योजना में राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई
- बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, स्वास्थ्य विभाग, आयुष्मान भारत निरामयम् मध्य प्रदेश की टीम तथा योजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का मध्य प्रदेश में प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है। मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) द्वारा गत दिनों नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश को “बेस्ट परफॉर्मिंग लार्ज स्टेट – हाइएस्ट प्री-ऑथराइजेशंस विद बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर