गो-संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, सभी का नैतिक कर्तव्यः प्रहलाद सिंह पटेल

 


- गोवर्धन पूजा पर जिला स्तरीय गौ-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री पटेल, त्रिनेत्री गौ अभ्यारण्य का किया शुभारंभ

नरसिहंपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि गौमाता किसी के ऊपर बोझ नहीं है। गो-संरक्षण एवं संवर्धन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। गोसेवकों के साथ-साथ आम नागरिक भी गोमाता के संरक्षण और सेवा के लिए आगे आएं।

मंत्री पटेल सोमवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जिले के करेली विकासखंड अंतर्गत ग्वारी कला (निवारी) स्थित त्रिनेत्री गौशाला परिसर में आयोजित जिला स्तरीय गौ-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मंत्री पटेल एवं अन्य अतिथियों ने विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजन एवं गौ-पूजन किया। इस अवसर पर मंत्री पटेल ने त्रिनेत्री गौ अभ्यारण्य का शुभारंभ किया।

मंत्री पटेल ने कहा कि गोवंश को सड़कों एवं खुले में निराश्रित छोड़ना बंद करना चाहिए। उन्होंने दमोह का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पुलिस के माध्यम से एनाउंसमेंट कराया गया था कि कोई भी व्यक्ति गोवंश को सड़कों पर नहीं छोड़ेगा। यदि निराश्रित गोवंश मिलता है तो उसे सुरक्षित गौशाला में पहुंचाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गौशाला संचालकों के कार्यों में संबल बनें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार भूसा एवं चारा दान कर गोसेवा में सहभागी बनें।

उन्होंने कहा कि पहले फसल कटाई के बाद खेतों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध हो जाता था, लेकिन समय के साथ परिस्थितियों में बदलाव आया है। ऐसे में गोवंश के संरक्षण के लिए व्यवस्थित प्रयास करने की आवश्यकता है। सरकार द्वारा गो-संरक्षण के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मनरेगा के अंतर्गत अनेक गौशालाओं का निर्माण कराया गया है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं इन गौशालाओं का संचालन अपने हाथों में लेकर गोसेवा और संरक्षण के कार्य में योगदान दे सकती हैं।

मंत्री पटेल ने प्राकृतिक एवं संतुलित पशु आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवंश को खुले और प्राकृतिक वातावरण में विचरण करने का अवसर मिलना चाहिए। इससे उनके स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने देशी गाय के गोबर की उपयोगिता बताते हुए किसानों से जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और गोबर से निर्मित खाद का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण के लिए पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने वर्षा जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बरसात के पानी को सहेजकर रखना चाहिए, ताकि उसका उपयोग खेती और पशुपालन के कार्यों में किया जा सके। जो किसान जैविक खेती की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें खाद एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

गोकाष्ठ से आत्मनिर्भर बन सकती हैं गौशालाएं

मंत्री पटेल ने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए बताया कि उस दौरान गोकाष्ठ से दाह संस्कार की पहल शुरू की गई थी। लकड़ी की तुलना में गोकाष्ठ से लगभग आधे खर्च में दाह संस्कार संभव है। भोपाल नगर निगम द्वारा गोकाष्ठ से दाह संस्कार को प्रोत्साहित किए जाने के बाद कई गौशालाएं आत्मनिर्भर बनीं और उन्हें प्रतिमाह लाखों रुपये की आय होने लगी।

उन्होंने कहा कि जिले में भी इस व्यवस्था को अपनाया जा सकता है। इससे गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गो-संरक्षण के कार्य में केवल गोसेवकों ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। हमें अपने स्वार्थ और लालच से ऊपर उठकर प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाते हुए आगे बढ़ना होगा।

जिले में तीन गौ अभ्यारण्य किए गए प्रस्तावित

जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग के मार्गदर्शन में जिले में तीन प्रमुख गौ अभ्यारण्य प्रस्तावित किए गए हैं। ये अभ्यारण्य वन भूमि की सीमा से लगे क्षेत्रों में विकसित किए जाने की योजना है, जहां गोवंश को प्राकृतिक एवं सुरक्षित वातावरण में खुले में विचरण करने की सुविधा उपलब्ध होगी। जिले में त्रिनेत्री गौ अभ्यारण्य ग्वारी कला (निवारी), श्री सुरभि गौ अभ्यारण्य गोबरगांव तथा ब्रह्म आबा गौ अभ्यारण्य किरहकोटा में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इन गौ अभ्यारण्यों के माध्यम से एक हजार से अधिक निराश्रित गोवंश के निःशुल्क रख-रखाव, गुणवत्तापूर्ण चारे, पेयजल एवं चिकित्सीय देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

मंत्री पटेल ने किसानों से गोबर से निर्मित जैविक खाद का उपयोग करने तथा नागरिकों से गोवंश को निराश्रित छोड़ने के बजाय उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा और संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। सरकार, समाज और गोसेवकों के साझा प्रयासों से गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है तथा निराश्रित गोवंश को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, करेली जनपद अध्यक्ष प्रतिज्ञा परिहार, रामसनेही पाठक, जिला पंचायत सदस्य सीताराम नामदेव, सुनील कोठारी, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश, पशुपालन विभाग के डॉ. सुनील कुमार ब्रिजपुरिया, कथावाचिका देवी शुभी दुबे, राघवेन्द्र सिंह जाट, ग्राम पंचायत ग्वारी के सरपंच अभिषेक पटेल एवं त्रिनेत्री सेवा समिति के संरक्षक अनिरुद्ध सिंह पटेल, रविंद्र पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर सभी ने गौ-संरक्षण का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर