एयरोसिटी भोपाल में बनेगा कंट्रोल सेंटर कॉम्पलेक्स ऑफ वैस्ट रीजन
- संभागायुक्त ने ग्रिड इंडिया लिमिटेड और बी.डी.ए के अधिकारियों के साथ की बैठक
भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। एयरोसिटी भोपाल क्षेत्र में ग्रिड कंट्रोल ऑफ इंडिया लिमिटेड (भारत सरकार ऊर्जा मंत्रालय का सार्वजनिक उपक्रम) देश का अपनी तरह का पहला कंट्रोल सेंटर कॉम्प्लेक्स बना रहा है, जहां से देश के पश्चिमी क्षेत्र की इलेक्ट्रिीसिटी ग्रिड कंट्रोल होगी।
भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को कमिश्नर कार्यालय में ग्रिड इंडिया लिमिटेड और भोपाल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें इस प्रोजेक्ट को स्थापित किए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई और आवश्यक दिशा - निर्देश दिए गए। बैठक में ग्रिड इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एम.के.रमेश, एस.एस. रघुवंशी, भोपाल विकास प्राधिकरण के सीईओ श्याम वीर सिंह और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि कंट्रोल सेंटर कॉम्पलेक्स का निर्माण भोपाल विकास प्राधिकरण करवा रहा है, जिसके लिए उसका ग्रिड इंडिया लिमिटेड के साथ 'कांसेप्ट टू कम्पलीशन' एमओयू हो चुका है। कॉम्पलेक्स के लिए भूमि का आवंटन भी हो चुका है। इसके निर्माण में लगभग 305 करोड़ रूपये की लागत आएगी और यह लगभग 02 वर्ष में पूर्ण किया जाएगा।
बैठक में संभागायुक्त शर्मा द्वारा कंट्रोल सेंटर कॉम्पलेक्स के निर्माण के संबंध में निविदा आमंत्रण, भवन अनुज्ञा, पर्यावरणीय स्वीकृति, भूमि उपयोग परिवर्तन, ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन आदि के संबंध मं विस्तार से चर्चा की एवं आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य निर्बाध संपन्न हो और उच्च गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा हो यह सुनिश्चित किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर