मप्रः मैहर में 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह में बही सुरों और नृत्य की अविरल धारा

 












- देशभर से आए कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, हजारों संगीत प्रेमियों ने उठाया आनंद

मैहर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में आयोजित 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह के तृतीय दिवस एवं समापन अवसर पर रविवार की रात देशभर से आए ख्यातिलब्ध कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से संगीत और नृत्य की अनुपम छटा बिखेरी। मैहर खेल मैदान में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में हजारों की संख्या में संगीत प्रेमी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, अपर कलेक्टर रोशन राय, कवितेश्वरी देवी, जयंती तिवारी, शशि मिश्रा, सत्यभान पटेल, संतोष सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के अंतिम दिन रविवार की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ परंपरानुसार मैहर बैंड द्वारा नल तरंग की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ के रायपुर से आर्या नंदे एवं साथियों ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी। पुणे के अभिषेक बोरकर ने सरोद वादन, ग्वालियर के श्री निर्भय सक्सेना ने शास्त्रीय गायन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह की अगली कड़ी में कोलकाता के पंडित सुगातो भादुड़ी मैण्डोलिन वादन तथा उज्जैन की खुशबू पांचाल एवं साथियों द्वारा कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपनी कला-साधना और विशिष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। ओडिसी, कथक, शास्त्रीय गायन, मैण्डोलिन और सरोद वादन की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। पूरा परिसर सुरों और तालियों की गूंज से सराबोर रहा।

समारोह के दौरान सभी कलाकारों को मंच पर श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रोताओं की सुविधा के लिए स्व-सहायता समूहों द्वारा खान-पान एवं पेयजल के स्टॉल भी लगाए गए थे।

52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का यह समापन दिवस भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, गुरु-शिष्य परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त उदाहरण बना। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों की सहभागिता ने मैहर की सांगीतिक पहचान को एक बार फिर नई ऊंचाई प्रदान की। संगीत प्रेमियों के लिए यह सांस्कृतिक संध्या अविस्मरणीय अनुभव बनकर रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर