मप्र भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सोशल मीडिया पर रोचक तरीके से देगा योजनाओं की जानकारियां

 


श्रमिकों का जीवन आसान बनाएगी श्रमेव जयते : मंत्री पटेलएमपीबीओसीडब्ल्यू का अभिनव प्रयोग: अब श्रमिक भी एआई से बनीं रील्स और वीडियोज से जान पाएंगे हक की बात

भोपाल, 1 दिसंबर (हि.स.)। कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम करने वाले मजदूरों और उनके परिवार के जीवन व बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने; उन्हें उनके अधिकारों से अवगत कराने के प्रयासों में 'मध्यप्रदेश श्रम विभाग' के अधीन 'मध्यप्रदेश भवन एवं निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल' ने एक सार्थक पहल की है।

दरअसल कर्मकार कल्याण मंडल की सभी महत्त्वपूर्ण योजनाएं, जानकारियां एवं अपडेट सोशल प्लेटफॉर्म्स पर भी देखे जा सकेंगे। इसमें सरल भाषा में बनीं शॉर्ट्स रील और वीडियोज का अधिकाधिक प्रयोग होगा, जिससे अशिक्षित या कम पढ़े-लिखे श्रमिक भी सहजता से अपने अधिकारों को समझ सकें। इसमें एआई का भी प्रयोग होगा। इसमें श्रमिकों को उनसे जुड़ी हर जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकेगी।

श्रमिक मंडल के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज Instagram: @mpbocw, Facebook: @mpbocw, X (Twitter): @mpbocw, YouTube:@MPBOCW श्रमिक इन से जुड़कर अपने अधिकारों और सामाजिक जीवन बेहतर बनाने की दिशा में की गई इस पहल का लाभ उठा सकते हैं। ठेकेदार और अन्य लोग भी इससे जुड़ सकेंगे।

श्रमिकों को अधिकारों की जानकारी देने की दिशा में अनूठा प्रयासमंडल ने घोषणा की है कि अब मंडल की सभी महत्वपूर्ण जानकारी, योजनाओं के लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया और मजदूर सहायता से जुड़े अपडेट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। कर्मकार कल्याण मंडल का लक्ष्य प्रदेश के सभी निर्माण श्रमिकों तक योजनाओं और लाभों की जानकारी बिना देरी और बिना किसी मध्यस्थ के पहुंचाना है। यह सोशल मीडिया के माध्यम से मंडल पारदर्शिता और सुलभता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

श्रमेव जयते की दिशा में क्रांतिकारी कदम सोशल मीडिया का उपयोगकर्मकार कल्याण मंडल के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रदेश सरकार के श्रम कानूनों के साथ ही केंद्र सरकार द्वारा लागू नए लेबर कोड(श्रमिक संहिता) पर भी फोकस किया गया है। यह पहल मध्यप्रदेश सरकार के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की दूरदर्शिता का परिणाम है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम प्रदेश एवं दूसरे राज्यों में काम करने वाले सभी श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें जागरूक करने के प्रति यह प्रयास निश्चय ही लाभकारी साबित होगा।

मंत्री पटेल ने कहा कि 'निर्माण श्रमिक हमारे विकास की मजबूत नींव हैं। उनके हितों और कल्याण के लिए समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह जुड़ाव और भी आसान और तेज होगा। उन्होंने सभी श्रमिक भाइयों-बहनों से अपील की है कि @mpbocw को फ़ॉलो करें और योजनाओं का पूरा लाभ लें।”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर श्रमिक कल्याण से जुड़ीं जानकारियांसोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया आवश्यक दस्तावेज़, बच्चों की शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सहायता और मातृत्व लाभ, दुर्घटना एवं मृत्यु सहायता, पेंशन से संबंधित जानकारी, महत्वपूर्ण तिथियां और घोषणाएं एवं हेल्पलाइन और कार्यालय संपर्क से संबंधित जानकारियाँ उपलब्ध कराई गई हैं। कर्मकार कल्याण मंडल ने मध्यप्रदेश के सभी निर्माण श्रमिकों, ठेकेदारों और संबंधित हितधारकों से अनुरोध है कि आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @mpbocw को फ़ॉलो करें और केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। मंडल ने यह भी आग्रह किया है कि किसी भी अफवाह या गैर-आधिकारिक सूचना पर भरोसा न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी