मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का सरकार पर हमला, कहा- जनसेवा मित्रों को हटाना युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

 


भोपाल, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में जनसेवा मित्रों को हटाने के फैसले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार के इस निर्णय की कड़ी आलोचना करते हुए इसे हजारों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय बताया है।

जीतू पटवारी ने बुधवार काे बयान जारी करते हुए कहा कि मध्यप्र देश में करीब 9390 जनसेवा मित्र वर्षों से प्रशिक्षित होकर जमीनी स्तर पर जनता और सरकार के बीच सेतु का काम कर रहे थे। इन युवाओं को अचानक हटाना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि सरकार की संवेदनहीनता को भी दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर पहले से कार्यरत और अनुभवी युवाओं को हटाकर ‘सीएम यंग इंटर्न’ जैसी अस्थायी योजनाएं लागू कर रही है। इससे सरकार की नीयत और नीतियों पर सवाल खड़े होते हैं।

पीसीसी चीफ पटवारी के मुताबिक, युवाओं को स्थायी रोजगार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की जरूरत है, न कि अस्थायी योजनाओं और अनिश्चितता की। ऐसे फैसले न केवल युवाओं का भरोसा तोड़ते हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक असंतोष को भी बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए और सभी जनसेवा मित्रों को बहाल कर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे