मप्र कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में संगठन और जनहित के मुद्दों पर मंथन
भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति (पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी) की बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई। करीब पांच घंटे चली बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन सृजन अभियान, आगामी चुनावों की रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह की जीत को भी बैठक में प्रमुखता से चर्चा का विषय बनाया गया। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा और आगामी दिनों में आंदोलन तेज करने के संकेत दिए।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, कांतिलाल भूरिया, सज्जन वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधो, तरुण भनोट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, सुखदेव पांसे, संगठन महासचिव संजय कामले, शोभा ओझा, फूल सिंह बरैया, घनश्याम सिंह, विक्रांत भूरिया, आरिफ मसूद, घनश्याम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
दतिया उपचुनाव की जीत को बदलाव का संकेत बताया
बैठक के बार पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को पार्टी के साथ प्रदेश की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि दतिया के मतदाताओं ने बदलाव की राजनीति के प्रति अपना रुझान स्पष्ट किया है। पटवारी ने नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि पार्टी इस जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि स्वच्छ, समृद्ध और सुरक्षित मध्य प्रदेश के लिए राजनीतिक विकल्प तैयार करना है। उनके मुताबिक आने वाले समय में बेरोजगारी, शिक्षा, किसानों की समस्याओं, महिला एवं ओबीसी आरक्षण, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी सरकार को घेरती रहेगी।
राज्यसभा नामांकन मामले में अदालत जाने की तैयारी
जीतू पटवारी ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव से जुड़े नामांकन विवाद को भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को भूली नहीं है और मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव एवं चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ न्यायालय का रुख करने की तैयारी है। पटवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन राजनीतिक दबाव में निरस्त किया गया और चुनाव अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में राजनीतिक दबाव के किसी भी आरोप को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और पार्टी इस मामले को कानूनी स्तर पर आगे बढ़ाएगी।
62 लाख मामलों का दावा, कांग्रेस बोली- फर्जी मुकदमों के खिलाफ लड़ेगी
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने यह संख्या 62 लाख से अधिक होने का दावा करते हुए कहा कि इनमें कई मामले छोटी-छोटी धाराओं में दर्ज किए गए हैं।
सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे 'पुलिस राज' बताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों पर दर्ज मामलों को लेकर पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे मामलों की समीक्षा कर उन्हें हटाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। वहीं जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कथित फर्जी मुकदमों के खिलाफ संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी चलाया जाएगा।
छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने छात्र संघ चुनाव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। हरीश चौधरी, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की। नेताओं का कहना था कि युवाओं और छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए।
उमंग सिंघार ने कहा कि युवाओं की समस्याओं, परीक्षा घोटालों, पेपर लीक और कथित फर्जी नियुक्तियों जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार से जवाब मांगती रहेगी। उन्होंने ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा की मांग भी दोहराई।
पटवारी ने कहा कि यदि छात्र संघ चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराए गए तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। हरीश चौधरी ने भी कहा कि छात्रों, किसानों और आम जनता के अधिकारों के लिए पार्टी आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।
खाद संकट और कथित भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने बैठक में किसानों की खाद समस्या, उज्जैन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों, राम मंदिर चढ़ावे से संबंधित विवाद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरणों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
चौधरी ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को कांग्रेस की प्राथमिकता बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया।
निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया उपचुनाव के परिणाम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और आगामी नगरीय निकाय चुनावों में इसका फायदा पार्टी को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और निष्क्रिय पदाधिकारियों के संबंध में भी पार्टी स्तर पर निर्णय लिए जाएंगे।
इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया ने दतिया की जीत को भाजपा के लिए राजनीतिक संकेत बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता में सरकार के प्रति नाराजगी है। उन्होंने किसान, मजदूर, युवा और महिला वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में दिग्विजय सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ स्वास्थ्य कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके। नकुलनाथ के बैठक में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन छिंदवाड़ा से भोपाल आने वाले विमान में तकनीकी खराबी के कारण उनका दौरा नहीं हो सका। बताया गया कि उसी विमान से प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी को भी भोपाल आना था, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से भोपाल पहुंचे।
बैठक और पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को सक्रिय करने, जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ अभियान चलाने और आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी की जमीनी गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। दतिया उपचुनाव की जीत के बाद कांग्रेस ने इसे संगठन के लिए उत्साहवर्धक परिणाम बताते हुए आगे की राजनीतिक लड़ाई को अधिक आक्रामक तरीके से लड़ने के संकेत दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे