मप्र कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक 11 अगस्त काे, जनआंदोलनों और स्थानीय मुद्दों पर बनेगी रणनीति
विपक्ष की भूमिका मजबूत करने और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर होगा मंथन : मुकेश नायक
भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की महत्वपूर्ण बैठक 11 अगस्त को भोपाल में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पीएसी के वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे।
मुकेश नायक ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा में बताया कि बैठक में प्रदेश में विपक्ष की भूमिका को अधिक जनोन्मुखी और प्रभावी बनाने के साथ ही संगठन की आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों को स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों की पहचान कर उन्हें संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं को भी अपने आंदोलन का केंद्र बनाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान नायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सहकारी संस्थाओं, मंडी समितियों, नगरीय निकायों और अन्य स्वायत्त संस्थाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई है। उनका दावा था कि सहकारी बैंकों में निर्वाचित व्यवस्था के स्थान पर नामांकन की व्यवस्था लागू किए जाने से सहकारिता की मूल भावना प्रभावित हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश की कृषि मंडियों में किसानों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को उपज बेचने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है तथा कई मंडियों में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। वहीं नगरीय निकायों में पेयजल, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
मुकेश नायक ने दावा किया कि खेल संगठनों और अन्य स्वायत्त संस्थाओं में भी राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर पीएसी की बैठक में विस्तार से चर्चा कर जनआंदोलनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की आगामी रूपरेखा तय की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए नायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से निष्पक्ष प्रशासन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बजाय संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन होना चाहिए।
नायक ने भोपाल के मास्टर प्लान का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि राजधानी के सुनियोजित विकास के लिए नया मास्टर प्लान प्रभावी ढंग से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि इसमें देरी के कारण शहर के विकास और शहरी नियोजन से जुड़े कई मुद्दे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएसी की बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेशभर में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन और संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना घोषित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे