पूरी कार्यकुशलता व मुस्तैदी के साथ सम्पन्न कराएं नीट यूजी परीक्षा: कलेक्टर

 


- कलेक्टर एवं एसएसपी ने ली नीट परीक्षा केन्द्रों के सीएस व एसीएस की बैठक

ग्वालियर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी कार्य कुशलता व मुस्तैदी के साथ नीट यूजी-2026 परीक्षा सम्पन्न कराएं। किसी भी स्तर पर कोई भी गलती न हो।

मंगलवार को यह निर्देश ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने 21 जून को आयोजित होने जा रही नीट परीक्षा की तैयारी के सिलसिले में बुलाई गई बैठक में सेंट्रल सुपरवाइजर व सहायक सेंट्रल सुपरवाइजर को दिए। नीट यूजी-2026 परीक्षा 21 जून को ग्वालियर में 25 परीक्षा केन्द्रों पर होगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह भी मौजूद थे।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों में निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत पर्याप्त संख्या में बायोमैट्रिक मशीन, सीसीटीव्ही कैमरे व जैमर लगाए जाएं। हर केन्द्र पर पॉवर बैकअप की पुख्ता व्यवस्था रहे। उन्होंने परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों के लिये छाया, पेयजल व चाय-नाश्ता की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पर्याप्त शेड लगवाएं। अभिभावकों के लिये भी परीक्षा केन्द्र के नजदीकी शासकीय भवन अथवा शेड लगाकर बैठने की व्यवस्था की जाए।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मानवीयता का परिचय देते हुए परीक्षार्थियों व अभिभावकों के लिये चाय-बिस्किट के इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके लिये जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के मान से 10 हजार रुपये उपलब्ध कराए जायेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को निर्धारित परीक्षा समय से पहले चाय-बिस्किट इत्यादि उपलब्ध कराए जायें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों में 20 जून को सभी व्यवस्थाओं की फायनल रिहर्सल की जायेगी। इस दौरान सीसीटीव्ही कैमरों व बायोमैट्रिक व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा के प्रवेश द्वार पर भी गहन जांच की जायेगी और मोबाइल फोन सहित कोई भी ऐसी वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं रहेगी जो नीट परीक्षा के लिये प्रतिबंधित है।

परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों, इनविजलेटर व अन्य स्टाफ को मोबाइल फोन, बैग एवं किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल अपने साथ ले जा सकेंगे। साथ ही एडमिट कार्ड एवं एडमिट कार्ड में उल्लेखित आईडी कार्ड, पासपोर्ट साईज के दो एवं पोस्टकार्ड साइज के एक फोटो को ले जाने की अनुमति रहेगी।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि इस बार सरकारी वाहनों में बैंक से संबंधित परीक्षा केन्द्र तक प्रश्न पत्र के बॉक्स कड़ी सुरक्षा के बीच में ले जाए जायेंगे। सरकारी वाहन में सीआरपीएफ व पुलिस बल, सीएस व अन्य संबंधित अधिकारी रहेंगे। प्रश्न-पत्र बॉक्स परिवहन की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जायेगी।

यह रहेगा परीक्षा का समय

नीट परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से अपरान्ह 5.15 बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 1.30 बजे तक परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी। अपरान्ह 1.30 बजे के बाद परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया जायेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रवेश देने से पहले बारीकी से जांच की जायेगी। महिला व पुरुष परीक्षार्थियों के लिये अलग-अलग जांच (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था रहेगी। जांच के बाद सभी की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर