मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज भांडेर में किसान सम्मेलन में होंगे शामिल
- 62 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का करेंगे भूमि-पूजन एवं लोकार्पण
भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को दतिया जिले के भांडेर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दतिया जिले में 62 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन और शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ भी वितरित करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश भर में किसान सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इस कड़ी में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में दतिया जिले के भांडेर स्थित मंडी प्रांगण में विशाल किसान सम्मेलन आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर लगभग 62 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। साथ ही शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव दतिया जिले के पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन व केंटीन का निर्माण कार्य, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना में यात्री निवास भवन निर्माण कार्य और पुलिस लाइन परिसर में रक्षित निरीक्षक कार्यालय का निर्माण कार्य, 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र स्थापना कार्य एवं 3.15 एमवीए पॉवर परिणामित्र-2 स्थापना कार्य, सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भांडेर का निर्माण कार्य और ततारपुर स्टेडियम, पण्डोखर धाम के पास विश्राम गृह निर्माण कार्य एवं रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही रतनगढ़ माता मंदिर के पास 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र स्थापना कार्य एवं सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भांडेर के 50 सीटर बालक छात्रावास एवं 50 सीटर बालिका छात्रावास का भूमि-पूजन करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव का दोपहर 12.25 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा दतिया जिले के भाण्डेर में आगमन होगा। मुख्यमंत्री भाण्डेर में विशाल किसान सम्मेलन में भाग लेने के बाद दोपहर 1.30 बजे भाण्डेर से हैलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर लगभग 2 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर विमानतल से थोड़ी देर बाद विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर