मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज उज्जैन में करेंगे नैवेद्य लोक का लोकार्पण

 


उज्जैन, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार की शाम नव वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर 18 करोड़ रुपये की लागत से उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा नानाखेड़ा स्थित नव निर्मित नैवेद्य लोक का लोकार्पण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनिकेत शर्मा ने बताया कि नैवेद्य लोक को उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा शहर की एक आधुनिक एवं आकर्षक चौपाटी के रूप में विकसित किया गया है। कुल 28000 स्क्वेयर फीट के क्षेत्रफल में सर्वसुविधायुक्त नैवेद्य लोक परिसर का विकास किया गया है। नैवेद्य लोक में चौपाटी के लिये 34 दुकाने हैं, जिनका साईज क्रमशः 180 वर्गफीट, 120 वर्गफीट, 100 वर्गफीट, 92 वर्गफीट, 90 वर्गफीट एवं 62 वर्गफीट है। साथ ही यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सुसज्जित ओपन थियेटर, साउण्ड सिस्टम, महिला, पुरुष, दिव्यांग जनों के उपयोगार्थ नवीन सेंसर उपकरण के साथ प्रसाधन कक्ष, सीसीटीवी कैमरा-सर्वर रूम, आपातकालीन विद्युत व्यवस्था के लिए डीजी सेट, पार्किग, अण्डरग्राउण्ड विद्युत व्यवस्था, अण्डरग्राउण्ड सीवरेज, लैण्ड स्केपिंग आदि सुविधायें विकसित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर