प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा ने देश को अजेय बनाने का संकल्प लिया: डॉ. मोहन यादव

 




भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कैसा होना चाहिए, यह प्रशिक्षण से तय होता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा ने देश को अजेय बनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भोपाल के रविन्द्र भवन में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित विषय वक्ता कार्यशाला को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्य करते हुए अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशिक्षण का लाभ अद्भुत होता है।

हमारे लिए देश और सीमाओं की रक्षा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा और कांग्रेस के बीच गतिविधियों की तुलना करें तो कांग्रेस की स्थापना एक अंग्रेज के माध्यम से हुई। तब देश के बड़े-बड़े लोगों की कांग्रेस में सदस्यता थी और वे अंग्रेज अधिकारियों के सामने अपनी बात रखते थे। कांग्रेस से जुड़े महामना पं. मदन मोहन मालवीय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर रहे थे और कांग्रेस पार्टी सोमनाथ मंदिर को नकार रही थी। कांग्रेस के अंदर विचारों और प्रशिक्षण की कमी रही, इसलिए अंतर्विरोध सामने आते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कार्रवाई की तो तुर्किये किसके साथ खड़ा था, आज तुर्किये की क्या स्थिति है और वह किसका साथ दे रहा है सब जानते हैं।

उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता और एकात्म मानववाद की बात करने वाले कार्यकर्ता हैं। हमारे लिए देश और सीमाओं की रक्षा सर्वोपरि है। हमारे लिए सभी धर्म समान हैं, कभी किसी एक धर्म की बात नहीं करते हैं। यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री मोदी मोदी के नेतृत्व में हमारी पार्टी ने औपनिवेशवाद के अवशेषों को खत्म किया है। राजपथ का नाम कर्तव्य पथ और राजभवन का नाम लोकभवन किया गया। यह हमारी मूल विचारधारा है कि हमारे कार्यालय में, काम करने वालों में स्वभाषा का भाव और एकात्मता का दर्शन होना चाहिए। प्रशिक्षण के कारण ही जनसंघ में एकात्म का भाव जागृत हुआ और आज भी यह कार्यकर्ताओं के मन में है, जबकि कांग्रेस के इतने टुकड़े हुए कि उनके पास आज पहचान का संकट पैदा हो गया है।

दूसरे दलों में बड़े पद परिवारों में बंट जाते हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे संगठन का मूलभाव और काम करने का तरीका सदैव एक जैसा रहा है। आजादी के बाद से ही जनसंघ ने कश्मीर में लागू धारा-370 का विरोध किया था, और यह विरोध हमेशा वैचारिक दृष्टि से एक समान रहा है। यह निरंतरता पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में भी देखी गई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने और अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जो देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए।

उन्होंने कहा कि आज भारत की आबादी 140 करोड़ से अधिक है, लेकिन हमारे सभी सेनाओं में कुल मिलाकर केवल 13 लाख से अधिक सैनिक हैं और पैरामिलिट्री बलों को भी जोड़ लिया जाए, तो यह संख्या करीब 40 लाख होती है। भारतीय सेना अपने प्रशिक्षण और अनुशासन के बल पर ही आज दुनिया में अजेय मानी जाती है। इसी तरह भाजपा के कार्यकर्ताओं के अनुशासन और अथक परिश्रम के कारण ही आजादी के बाद तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार बनी है। हमारी पार्टी की ताकत हमारे प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं में है, जो किसी भी जिम्मेदारी को हाथ में लेते हैं और उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। यही कार्यकर्ता बाद में प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचते हैं। लोग इसे आश्चर्य से देखते हैं, लेकिन यह हमारी पार्टी की संस्कृति और कार्यशैली का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि दूसरे दलों में नेतृत्व बड़े परिवारों के बीच बंट जाता है, लेकिन हमारे संगठन में यह परंपरा कभी नहीं रही। हमारे यहां नेतृत्व केवल कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही आता है। यही वह अंतर है जो हमारे और दूसरे दलों के प्रशिक्षण और कार्यशैली में है। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन कार्य की दृष्टि से पूरे देश में एक आदर्श संगठन के रूप में पहचाना जाता है। हमारे प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भाजपा को निरंतर मजबूत बनाए रखते हैं, और यही कारण है कि हम हर क्षेत्र में अजेय स्थान हासिल करने में सक्षम हो रहे हैं।

हमारी कार्यपद्धति में बदलाव आवश्यक, परन्तु विचारधारा स्थायीः खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश की राजनीति में वास्तव में दो ही दल ऐसे रहे हैं जिनकी स्पष्ट विचारधारा और कार्यपद्धति रही है एक कम्युनिस्ट पार्टी और दूसरी भारतीय जनता पार्टी। कम्युनिस्ट पार्टी अपनी विचारधारा के कारण जनता से दूर होती गई और लगभग समाप्ति की ओर है। इसके अलावा अधिकांश दल विचारधारा के आधार पर नहीं बल्कि परिस्थितियों के आधार पर चलते रहे हैं। भाजपा ने हमेशा अपनी विचारधारा और संगठनात्मक पद्धति को सर्वोपरि रखा है और इसी कारण आज पार्टी पूरे देश में सबसे आगे खड़ी है। हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के तौर पर जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर तेजी के साथ बढ़ रहा है। भाजपा का मूल स्वभाव सबको साथ लेकर चलने का है। आज के दौर में युवाओं की भूमिका बढ़ी है और नई तकनीक का उपयोग भी जरूरी है। हमारे महापुरुषों और नेताओं के त्याग और समर्पण के कारण ही संगठन आज इतना मजबूत हुआ है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी पटेल ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। कार्यशाला का संचालन संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव ने किया एवं आभार प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक ने व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, संभाग प्रभारी विजय दुबे एवं प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह मंचासीन रहे। कार्यशाला में चंबल, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, भोपाल संभाग (गुना व अशोकनगर जिले को छोड़कर) कुल 23 जिलों के 400 से अधिक विषय वक्तागण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर