मध्य प्रदेश में उद्यमिता की भावना का निरंतर हो रहा है विकास : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


- मध्य प्रदेश के नवाचारों से भारत सरकार को अवगत करवाएंगे: मुख्यमंत्री

भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को प्रदेश में ग्रामीण विकास, कृषि, राजस्व, खाद्य और नागरिक आपूर्ति के अलावा अन्य विभागों के केंद्र के समक्ष विचाराधीन विषयों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्यमिता की भावना का निरंतर विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रदेश में सम्पन्न कार्यों सहित जन कल्याण से जुड़ी योजनाओं और प्राथमिकता के विषयों पर जानकारी प्राप्त की। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश में किए गए नवाचारों और सफल कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए इन क्षेत्रों में कार्य की निरंतरता की आवश्यकता बताई। ऐसे कार्यों में केंद्र सरकार के अपेक्षित सहयोग के संबंध में विभागों के अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों से विचार-विमर्श किया गया।

मध्य प्रदेश के विशेष कार्यों को दी जाएगी गति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत सरकार के संबंधित विभागों को प्रदेश में हुए नवाचारों और विशेष कार्यों से समय-समय पर अवगत करवाया जाता है। जिलों में उद्यमिता की भावना विकसित की जा रही है। ऐसे कार्यों और प्रयासों को गति दी जाएगी। इस क्रम में बैतूल जिले में 'कुकरू नेचुरल' के तहत स्थानीय उत्पादों का विपणन महत्वपूर्ण है। कुकरू अपनी उत्कृष्ट कॉफी के साथ-साथ कोदो कुटकी, आंवला, हनी, हर्रा, बहेड़ा, सफेद मूसली, भिलवा और अन्य प्राकृतिक उत्पादों के लिए प्रसिद्ध है। इन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा वन विभाग के सहयोग से कुकरू नेचुर के नाम से इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुकरू क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन की अपार संभावनाओं को देखते हुए रबड़ी, मावा, दही सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के विक्रय केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं। कुकरू में रोबुस्टा एवं अरेबिका कॉफी के ग्रोइंग, कल्टीवेशन एवं प्रोसेसिंग उत्पादन के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव है। कॉफी बोर्ड एवं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को कॉफी उत्पादन के लिए तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजगढ़ के स्वसहायता समूहों द्वारा नई दिल्ली तक दुग्ध की आपूर्ति, उज्जैन सहित कुछ जिलों में आदर्श जनपद पंचायत भवनों के निर्माण, कृषि यंत्रीकरण और पराली प्रबंधन, टू लाइन हाइब्रिड बीज उत्पादन पद्धति, धान बीज उत्पादन हब, प्रस्तावित लड्डू गोपाल योजना, जियो टैगिंग प्रणाली में प्रदेश के विशेष प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे अभिनव प्रयासों में भारत सरकार का अधिकाधिक सहयोग प्राप्त करने के प्रयास किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर