मप्रः पीथमपुर इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव एवं पुस्तक विमोचन समारोह आज इंदौर में

 


- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहेंगे मुख्य अतिथि

इंदौर, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में पीथमपुर औद्योगिक संगठन द्वारा आज रविवार को सायं 4:00 बजे “पीथमपुर इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव एवं पुस्तक विमोचन समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

शहर के विजय नगर स्थित आईसीएआई भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। इस अवसर पर उन्हें प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने तथा निवेश प्रोत्साहन हेतु किए गए प्रभावी प्रयासों के लिए “एंकर ऑफ इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस” के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

पीथमपुर औद्योगिक संघ के अध्यक्ष डॉ.गौतम कोठारी ने बताया कि कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की 40 वर्षीय विकास यात्रा पर आधारित ऐतिहासिक स्मारक ग्रंथ ‘Pithampur: Zero to Zenith – A Journey of 40 Years’ का विधिवत विमोचन शामिल है। यह पुस्तक पीथमपुर के औद्योगिक उत्कर्ष, उपलब्धियों तथा विकास की क्रमिक यात्रा का विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत करती है।

इसके अतिरिक्त पीथमपुर औद्योगिक संगठन (PAS) के संस्थापक सदस्यों (मध्य 1980 से मध्य 1990 तक) जिन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से औद्योगिक नगरी की सुदृढ़ नींव रखी का विशेष सम्मान किया जाएगा। कॉन्क्लेव में प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश वातावरण की सुदृढ़ता तथा आगामी औद्योगिक कॉरिडोर से संबंधित भविष्य की रूपरेखा पर विचार-विमर्श भी किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से पीथमपुर की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं तथा सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया जाएगा।

पीथमपुर औद्योगिक संगठन ने उद्योग जगत, निवेशकों, नीति-निर्माताओं एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर