नवरात्रि का पर्व देता है समाज में एकता और सद्भाव का संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- इंदौर में निकली विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
इंदौर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नवरात्रि का महापर्व हमें मां दुर्गा की आराधना के साथ जीवन में शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ-साथ समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है। मां की कृपा सभी पर बनी रहे और आने वाले दशहरे एवं दीपावली के पर्व सभी के जीवन में खुशियां लेकर आएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर में निकली विशाल चुनरी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से जयकारे लगवाते हुए मां के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त की।
इंदौर में रविवार को नवरात्रि के पावन पर्व पर भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई एरोड्रम क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर पहुंची,जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और स्वागत के माध्यम से यात्रा का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चुनरी यात्रा को संबोधित करते हुए माता रानी के जयकारे के साथ सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, वैभव और आनंद लेकर आए। मां के आशीर्वाद से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा प्रदेश में सुख-समृद्धि और खुशहाली का वातावरण बना रहे।
उन्होंने चुनरी यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चुनरी यात्रा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों,जातियों और पंथों के लोगों को एक साथ आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में सभी समान हैं। यहां ऊंच-नीच,अमीर-गरीब और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। मां के प्रति श्रद्धा और आस्था सभी को एक सूत्र में बांधती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता,आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं।
विशाल चुनरी यात्रा के दौरान पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों से भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने चुनरी यात्रा में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति से मार्ग में जगह-जगह धार्मिक उल्लास का वातावरण निर्मित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों को दशहरे और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के सुख,शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ विधायक तथा भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेन्दोला, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ तथा महेंद्र हार्डिया, सुमित मिश्रा, श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय तथा गोपी कृष्णा नीमा, प्रताप करोसिया, सावन सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर