मप्रः मुख्यमंत्री गुरुवार को जबलपुर में ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ में होंगे शामिल
भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 27 अगस्त को शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर में आयोजित होने वाले भव्य ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी माथन सिंह उइके ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश भर की लगभग 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ वर्चुअल माध्यम से सीधा संवाद करेंगे। शासकीय महाकौशल कॉलेज में आयोजित इस समारोह में उपस्थित युवा, प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस वर्चुअल संबोधन को लाइव सुन सकेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, खेल अधोसंरचना एवं भारत के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र से अवगत कराना है, जिससे देश की युवा ऊर्जा को खेल के क्षेत्र में नई दिशा और प्रेरणा मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर