गोवर्धन पूजा महोत्सव में शामिल होने वाराणसी आ रहे एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव
वाराणसी, 09 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में गोवर्धन पूजा महोत्सव समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि मंगलवार को गोवर्धन पूजा महोत्सव में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव वाराणसी आ रहे हैं। गोवर्धन पूजा महोत्सव के अंतर्गत 53वें वर्ष में गोवर्धन पूजा पहुंच चुकी है। मंगलवार को लहुराबीर के निकट हथुआ मार्केट से शोभायात्रा निकाली जाएगी और इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल रहेंगे।
अध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के अलावा परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव भी आ रहे हैं। योगेंद्र यादव शोभायात्रा के पहले पूजन करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री गिरीश यादव मौजूद रहेंगे। इस बार शोभायात्रा में धर्म स्थलों जैसे मथुरा, वृन्दावन, प्रयागराज की झांकियां देखने को मिलेंगी। इसमें मुख्य आकर्षण केदारेश्वर महादेव की झांकी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद