मप्रः मुख्यमंत्री से मिले पटवारी संघ के पदाधिकारी, बोले- स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग करेंगे पटवारी

 


भोपाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार देर शाम भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश शर्मा और भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को प्रस्तावित सम्मेलन के लिए भी आमंत्रित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट के पश्चात मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव से उनकी सार्थक चर्चा हुई है। स्वामित्व योजना में आवश्यक न्यायिक संरक्षण की व्यवस्था कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सहृदयतापूर्वक आवश्यक आदेश जारी करने की बात कही है।

मध्य प्रदेश प्रांतीय पटवारी संघ के अश्विन सैनी ने कहा कि स्वामित्व योजना से जुड़े कार्यों को सभी निष्ठा से करने के लिए तत्पर रहेंगे। भारतीय मजदूर संघ के प्रांतीय मंत्री कुलदीप सिंह ने कहा कि स्वामित्व योजना से संबंधित कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पटवारी बंधु अपने दायित्व निर्वहन में पीछे नहीं रहेंगे। जनकल्याण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रत्येक निर्णय में सभी सहभागी होंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने पटवारी संघ के पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री डॉ. यादव का परिचय करवाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का व्यापारी महासंघ ने माना आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास में भोपाल व्यापारी महासंघ के पदाधिकारीगण ने भेंट कर भोपाल के मास्टर प्लान के प्रकाशन के लिए आभार व्यक्त किया। व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी आनंद सोनी, राजवीर सिंह सहित अन्य सदस्यों ने कहा कि राज्य सरकार ने व्यापार व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। व्यापारी महासंघ के पदाधिकारीगण ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सकारात्मक और जनकल्याणकारी कार्यशैली के प्रति प्रति धन्यवाद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर