अपडेट-सिंहस्थ-2028 के लिए बोहरा समाज को साथ लाने की पहल, सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- उज्जैन में धर्मगुरु से मुलाकात में विकास, जनकल्याण और सिंहस्थ की तैयारियों पर हुई चर्चा; सैयदना ने दीपावली की शुभकामनाओं के साथ प्रदेश की समृद्धि की कामना की
मुख्यमंत्री बोले- राष्ट्र निर्माण में बोहरा समाज की भूमिका महत्वपूर्ण
उज्जैन, 10 नवंबर (हि.स.)। देश की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना के प्रमुख केंद्र उज्जैन में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और दाऊदी बोहरा समाज के सर्वोच्च धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की मुलाकात ने सामाजिक सद्भाव और प्रदेश के विकास को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने उज्जैन प्रवास के दौरान सैयदना साहब से सौजन्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
दरअसल, दीपावली के पावन अवसर पर सैयदना साहब ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस आत्मीय मुलाकात में मध्य प्रदेश के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बोहरा समाज के उपस्थित भाई-बहनों को भी दीपावली की बधाई देते हुए प्रदेश के विकास में उनकी सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
इस मुलाकात का विशेष महत्व इसलिए है कि उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ-2028 देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल होगा। इसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार इस आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए शहर के बुनियादी ढांचे से लेकर यातायात, आवास, पेयजल, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक व्यापक तैयारियां कर रही है। ऐसे में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक समुदायों के प्रमुखों से संवाद को आयोजन की व्यापक सामाजिक सहभागिता से जोड़कर देखा जा रहा है।
बोहरा समाज को बताया राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण सहभागी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैयदना साहब से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए बोहरा समाज की सामाजिक और आर्थिक विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बोहरा समाज शांतिप्रिय, व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी और देशभक्त समाज है। देश के विकास में इस समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आगे भी इसकी भूमिका निरंतर बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की मूल भावना सर्वधर्म सद्भाव की है। हमारा देश सभी धर्मों और समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास करता है। विभिन्न धार्मिक परंपराओं, आस्थाओं और सामाजिक समूहों के बीच आपसी सम्मान और सहयोग ही भारत की सांस्कृतिक शक्ति है।
मुख्यमंत्री का यह वक्तव्य ऐसे समय में आया है, जब मध्य प्रदेश सरकार उज्जैन को सिंहस्थ-2028 के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। सिंहस्थ का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों का भी विशाल केंद्र बनता है। इसमें स्थानीय व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
सैयदना साहब के नेतृत्व में वैश्विक बोहरा समुदाय
उल्लेखनीय है कि सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन दाऊदी बोहरा समाज के 53वें दाई अल-मुतलक हैं। वे भारत सहित विश्व के अनेक देशों में फैले बोहरा समुदाय के सर्वोच्च आध्यात्मिक धर्मगुरु हैं। उनके नेतृत्व में धार्मिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक कार्य संचालित होते हैं। बोहरा समाज अपनी संगठित सामाजिक व्यवस्था, व्यापारिक सक्रियता और सामुदायिक सहयोग के लिए जाना जाता है।
उज्जैन प्रवास के दौरान सैयदना साहब के दर्शन और स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। उन्होंने खाराकुआं स्थित हसनजी बादशाह की दरगाह पर जियारत की। इसके बाद कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचकर अपने पूर्वजों की मजार पर जियारत की और समाज के लोगों से मुलाकात की। उनके आगमन से बोहरा समाज में विशेष उत्साह का वातावरण रहा।
सिंहस्थ के लिए उज्जैन का हो रहा व्यापक कायाकल्प
वर्ष 2028 में होने वाला सिंहस्थ मध्य प्रदेश सरकार के लिए एक बड़ी प्रशासनिक और व्यवस्थागत चुनौती के साथ उज्जैन के विकास का महत्वपूर्ण अवसर भी है। सरकार की योजना शहर को ऐसी स्थायी सुविधाओं से सुसज्जित करने की है, जिनका लाभ सिंहस्थ के बाद भी नागरिकों और श्रद्धालुओं को मिलता रहे। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, घाटों के विकास, पेयजल, स्वच्छता और धार्मिक स्थलों के उन्नयन सहित अनेक परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उज्जैन में 539.18 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया जा चुका है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक स्थलों तक पहुंच को सुगम बनाना है। वहीं सिंहस्थ की तैयारियों में सरकार का प्रयास प्रशासनिक व्यवस्थाओं तक सीमित रहने के बजाय समाज के विभिन्न वर्गों को सहभागी बनाने का भी है। मुख्यमंत्री और सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की मुलाकात इसी व्यापक संदर्भ में महत्वपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर