प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विज्ञान के क्षेत्र में भारत का बढ़ा मान-सम्मान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मेपकास्ट द्वारा इसरो के सहयोग से 22 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय सेटेलाईट मॉडल मेकिंग कार्यशाला
भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (23 अगस्त) के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे कार्यों से दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। मध्य प्रदेश भी देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में स्पेस पॉलिसी लाँच की गई है। साइंस सिटी और प्लेनेटोरियम प्रारंभ करने की पहल की गई। स्पेस टेक्नोलॉजी और विज्ञान का अधिकतम लाभ जन-जन को मिले, इस दृष्टि से प्रदेश में विभिन्न गतिविधियां निरंतर हो रही हैं। मध्य प्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद ने अनेक गतिविधियों से विद्यार्थियों को विज्ञान से जोड़ा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विज्ञान से विद्यार्थियों और नागरिकों को जोड़ने के कार्य में हमें केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। हाल ही में आंचलिक विज्ञान केंद्र भोपाल में स्पेस गैलरी का शुभारंभ हुआ है, जो सभी विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के एक दिन पहले 22 अगस्त को मध्य प्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद ने इसरो के सहयोग से राज्य स्तरीय सैटेलाइट मॉडल निर्माण कार्यशाला का आयोजन प्रशंसनीय है। इस कार्यशाला में प्रदेश के 32 से अधिक विश्वद्यालयों, महाविद्यालयों और वैज्ञानिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की भागीदारी रहेगी। युवाओं और आम नागरिकों को भी अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के प्रति जागरूक बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों, विज्ञान शिक्षकों और नागरिकों को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की हार्दिक बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर