मप्रः मुख्यमंत्री आज इंदौर में जिला चिकित्सालय के नए 300 बिस्तरीय भवन का करेंगे लोकार्पण

 




इंदौर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को इंदौर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे यहां जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित 300 बिस्तरीय भवन का लोकार्पण करेंगे। लगभग 83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह चार मंजिला आधुनिक भवन जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने जानकारी देते हुए बताया कि नवीन भवन के शुरू होने से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा अस्पताल की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में विभिन्न विभागों के लिए पर्याप्त स्थान, मरीजों के लिए बेहतर वार्ड तथा आवश्यक स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित की गई है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। जिला चिकित्सालय के इस नए भवन के लोकार्पण से इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर