मप्रः मुख्यमंत्री मंगलवार को राजगढ़ जिले के 352 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव भैंसवामाता में करेंगे जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन
भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार, 30 जून को राजगढ़ जिले के विकासखंड सारंगपुर अंतर्गत भैंसवामाता मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर राजगढ़ जिले के 352 करोड रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 1:45 बजे भैंसवामाता पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद दूध तलैया में गंगा पूजन, गौ-पूजन एवं पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 की प्रदर्शनी का अवलोकन कर जिले में संचालित जल संरक्षण एवं पर्यावरणीय नवाचारों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम में राजगढ़ जिले की पर्यटन फिल्म, कॉफी टेबल बुक एवं सोशल मीडिया हैंडल का अनावरण किया जाएगा। साथ ही जिले में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, जल संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित करने के साथ उनके संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किए गए 'जल गंगा संवर्धन अभियान-2026' का गरिमामय समापन होने जा रहा है। अभियान की इस अल्पावधि में ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर लगभग 3.62 लाख से अधिक जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य सफलतापूर्वक क्रियान्वित किये गये हैं। इस महा-अभियान ने पूरे प्रदेश में भू-जल संवर्धन, जल गुणवत्ता परीक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नदी पुनर्जीवन और जन-जागरूकता की एक नई चेतना जागृत की है।
क्षेत्रीय सांसदों को भी इस अभियान के समापन में प्रमुख भागीदारी दी गई है। शहडोल में हिमाद्री सिंह, भिण्ड में संध्या राय, बालाघाट में भारती पारधी, रतलाम में अनिता नागर सिंह चौहान, बड़वानी में गजेन्द्र पटेल, सीधी में डॉ. राजेश मिश्रा, मंदसौर में सुधीर गुप्ता, श्योपुर में शिवमंगल सिंह तोमर, छिंदवाड़ा में बंटी विवेक साहू और जबलपुर में आशीष दुबे मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं, नीमच जिले में राज्यसभा सदस्य बंशीलाल गुर्जर मुख्य अतिथि की भूमिका निभाएंगे।
जिला स्तरीय समारोह का मुख्य उद्देश्य अभियान की उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करना और जल संरक्षण के प्रति समाज की निरंतर प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, सुरक्षा और श्रमदान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों, शासकीय विभागों, जागरूक नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा समूहों, किसानों और शैक्षणिक व निजी संस्थाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, समारोह स्थल पर जल संरचनाओं की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति, नवाचारों और सफलता की कहानियों पर आधारित एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा एक विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति (लघु फिल्म) भी दिखाई जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा और उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों व नागरिकों को जल संवर्धन व रख-रखाव का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।
यह समारोह भविष्य के नए संकल्पों की शुरुआत भी बनेगा। कार्यक्रम के माध्यम से आगामी वर्षा ऋतु में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधरोपण करने का आह्वान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, राज्य में एक जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB GRAM G) की प्रमुख विशेषताओं और जनहितकारी प्रावधानों का संक्षिप्त परिचय भी इस मंच से आम जनता को दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और आजीविका के नए अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर