मप्रः गांधी सागर पहुंचे मुख्यमंत्री, हिंगलाज रिजार्ट में किया डिजिटल एमपी ट्रैवल हैंड बुक का अवलोकन
भोपाल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधीसागर में होने वाली डेस्टिनेशन केबिनेट के लिए मंदसौर पहुंच गए हैं। उन्होंने मंगलवार की रात मंदसौर जिले के गांधी सागर स्थित पर्यटन विकास निगम के हिंगलाज रिजार्ट में डिजिटल कॉफी टेबल बुक 'एमपी ट्रैवल हैंडबुक' का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमपीटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचारों से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में बुधवार, 18 नवम्बर को मंदसौर जिले के गांधीसागर बांध स्थल पर डेस्टिनेशन कैबिनेट का आयोजन हो रहा है। राज्य मंत्रि-परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम करीब 6 बजे मंदसौर जिले के गांधी सागर हेलीपैड पहुंचे।
हेलीपैड पर सांसद सुधीर गुप्ता, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग, गरोठ विधायक चंद्रशेखर सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित समेत कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीएम सुरक्षा के बीच हिंगलाज रिसॉर्ट के लिए रवाना हो गए।
देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. यादव गांधी सागर स्थित टेंट सिटी पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ढोल की थाप के साथ अंग वस्त्रम और पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सम्मुख इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने टेंट सिटी में महिला स्व सहायता समूह तथा स्थानीय संस्थाओं द्वारा लगाए गए हस्तशिल्प स्टॉल्स का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम हिंगलाज रिसॉर्ट में ही होगा। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से स्पीड बोट में सवार होकर टेंट सिटी बोट क्लब पहुंचेंगे। यहां वे चंबल नदी की आरती और पूजन करेंगे। इसके बाद स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद पर्यटन विभाग के कई विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री मंत्रि- परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। गांधी सागर की इस डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में क्षेत्रीय विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और 11,474 करोड़ रुपये की पंप बिजली परियोजना से जुड़े मुद्दों पर खास फोकस रहने की उम्मीद है। कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री मीडिया को संबोधित करेंगे और फिर दोपहर के भोजन के बाद गांधी सागर से रवाना हो जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर