मप्रः मुख्यमंत्री ने जबलपुर में करंट लगने से दो लोगों की मृत्यु पर किया दु:ख व्यक्त

 




- मृतकों के परिजन को 2-2 लाख और घायल को 50 हजार रुपये देने के निर्देश

भोपाल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मांडवा बस्ती में रविवार शाम को करंट लगने के कारण दो लोगों की मृत्यु हो जाने की घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार देर रात सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायल को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

जबलपुर की रामपुर मांडवा बस्ती में रविवार शाम को मां-बेटे अपने घर की बालकनी में लोहे का सामान व्यवस्थित कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट फैल गया। हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 55 वर्षीय सीता राजपूत और उनके 23 वर्षीय बेटे किशन राजपूत की मौत हो गई। हादसे में परिवार का एक अन्य सदस्य (भतीजा) गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मांडवा बस्ती रामपुर में हुए हादसे में बिजली की हाई टेंशन लाईन के करंट से मां-बेटे की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से चर्चा कर घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। उन्होंने घटना में घायल व्यक्ति के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। लोक निर्माण मंत्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने हादसे में मृतकों को दो लाख रुपये एवं घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।

मेडिकल पहुंचकर संभागायुक्त और कलेक्टर ने जाने घायल बालक के हाल चाल

संभागायुक्त धनंजय सिंह और कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मेडिकल पहुंचकर यहां उपचार के लिये भर्ती मांडवा बस्ती रामपुर में बिजली की हाईटेंशन लाईन का करंट लगने से घायल 13 वर्षीय बालक के हालचाल जाने। संभागायुक्त और कलेक्टर ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों से बालक को दिये जा रहे इलाज और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उसके समुचित उपचार के निर्देश भी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधिकारियों को दिये।

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ अरविन्द शर्मा ने बताया बिजली के करंट लगने से घायल बालक की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। उसे उपचार के लिए पीडियाट्रिक सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया है।सीने में लगी चोट की वजह से जल्दी ही उसे आइसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया जायेगा। बच्चे की सभी तरह की जांचे कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर