मध्य प्रदेश बन रहा है नवीकरणीय ऊर्जा का सेंटर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियंता दिवस पर रवीन्द्र भवन में आयोजित समारोह को किया संबोधित

भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की विद्युत क्षमता का 30 प्रतिशत क्लीन एनर्जी का है। मध्य प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा का भी सेंटर बन रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को ऊर्जा विभाग के अभियंता और कर्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्युत कंपनियों में वर्षों से लंबित पदोन्नति का रास्ता साफ करते हुए 9 हजार से अधिक अभियंताओं और कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। इससे हमारे कर्मचारियों में नया उत्साह और आगे बढ़ने का विश्वास पैदा हुआ है। विद्युत कंपनियों में लगभग 20 वर्षों से लंबित फ्रिज बेनिफिट का भी समाधान किंया गया है। इसमें नाइट शिफ्ट अलाउंस, कन्वेंस अलाउंस, कंपनसेटरी अलाउंस सहित विभिन्न भत्तों को रिवाइज किया गया। इस निर्णय का लाभ लगभग 25 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कह ाकि विद्युत कंपनियों के अभियंताओं की तीन वेतन विसंगतियों का भी समाधान किया गया है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से हमारे अभियंताओं को राहत मिली है। अधिकारी-कर्मचारियों के परिवार का स्वास्थ्य हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में अभियंताओं और कर्मचारियों के लिए कैशलेस मेडिक्लेम बीमा योजना लागू की गई है। साथ ही, मध्य प्रदेश की विद्युत कंपनियों में कंपनी कैडर के अभियंताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सोलर रूफटॉप योजना भी लागू की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह का रविंद्र भवन में दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध पावर इंजिनियर्स एंड एम्पलाइज एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा कर्मचारी और अभियंताओं के हित में लिए गए निर्णयों के लिए उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

बिजली गुल से बिजली फुल स्टेट बना मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों से ही मध्य प्रदेश बिजली गुल से बिजली फुल स्टेट बना है। हमारा मध्य प्रदेश बिजली सरप्लस स्टेट है, प्रदेश के पास 29 हजार मेगावाट की विशाल विद्युत क्षमता मौजूद है। प्रदेश की विद्युत क्षमता में 30% हिस्सा क्लीन एनर्जी का है। दुबई में इन्वेस्ट एमपी कार्यक्रम में 53 हज़ार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले है, सबसे अधिक निवेश सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में मिला है। प्रदेश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए सतपुड़ा ताप विद्युत गृह और अमरकंटक ताप विद्युत गृह नई विद्युत उत्पादन इकाई को मंजूरी दी गई है। बारह वर्षों में राज्य की नवकरणीय ऊर्जा क्षमता 25 गुना से अधिक बढ़ी है। आज मध्यप्रदेश 11 हजार मेगावॉट से अधिक की क्षमता स्थापित कर चुका है।

नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश ने लंबी लगाई है छलांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में बिजली उत्पादन के लिए हर क्षेत्र में निवेश आ रहा है। प्रदेश में डेटा सेंटर और एआई सेंटर की स्थापना के बाद यह खपत और बढ़ेगी, लेकिन हमारा ऊर्जा विभाग पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता का लाभ प्रदेश के किसानों को भी मिलेगा। किसानों को अगले सीजन से सिंचाई के लिए दिन में भी 10 घंटे बिजली मिलेगी। इससे किसानों के लिए सुविधा बढ़ेगी। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है। प्रदेश में विकास के ऐसे समीकरण बनें है, जिससे हम दिन दोगुनी और रात चौगुनी गति से आगे बढ़ेंगे।

राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में लगातार ले रही है निर्णय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। सभी विभागों में 85 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां की गई हैं। प्रदेश में वर्षों से लंबित पदोन्नति का रास्ता निकालकर 1 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को लाभ दिया गया है। राज्य सरकार वर्तमान वर्ष में फिर से पदोन्नति के लिए प्रक्रिया शुरू करेगी। हमारी सरकार सभी कर्मचारियों और श्रमिकों के कल्याण के लिए परिवार के रूप में सदैव साथ खड़ी है। विद्युत कंपनियों के अभियंताओं, अधिकारी और कर्मचारियों के प्रमोशन और नई भर्तियां आवश्यकतानुसार समय-समय पर होती रहेगी।

त्यौहार हमें अपने संकल्पों की पूर्ति के लिए प्रदान करते हैं प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी जैसे पर्व-त्योहार और सनातन संस्कृति की धाराएं हमें सदैव नए संकल्प की पूर्ति के लिए प्रेरणा प्रदान करती हैं। बिजली विभाग के अभियंता, अधिकारी और कर्मचारी प्रदेश की प्रगति के संवाहक हैं, बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी राज्यों को समान रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

प्रदेश की बिजली निर्माण क्षमता में निरंतर हुई है वृद्धि

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रदेश के ऊर्जा विभाग के अभियंताओं और अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने अभियंता दिवस-2026 की शुभकामनाएं दीं। कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से उद्योगों का विकास हो रहा है। प्रदेश की बिजली निर्माण क्षमता में निरंतर वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी विभागों में कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया है। हम सब उनके आभारी हैं। रामनाथ गणेशे, पॉवर इंजीनियर्स एंड एम्पलॉइज एसोसिएशन के महासचिव अजय कुमार मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना। कार्यक्रम में राजन नायर, म.प्र. बिजली कर्मचारी संघ के महासचिव सुशील पांडे, ऊर्जा विभाग एवं विद्युत कंपनियों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर