मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर किया नमन, युवा दिवस की शुभकामनाएं दी
भाेपाल, 12 जनवरी (हि.स.)। युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद की आज साेमवार को जयंती है। हर वर्ष इनकी जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को युवा दिवस के रुप में मनाया जाता है। इसके साथ ही इस विशेष दिन पर हर वर्ष सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर उन्हें विनम्र नमन किया है और युवा दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा - युवाओं के प्रेरणापुंज, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन एवं राष्ट्रीय युवा दिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा, दर्शन एवं चिंतन से विश्व कल्याण का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अनंत आंतरिक शक्ति का बोध कराते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान की प्रेरणा दी। उनके चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम करता हूं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने किया नमन
इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें याद करते हुए विनम्र नमन किया है। हेमंत खंडेलवाल ने अपने संदेश में कहा - संपूर्ण विश्व में भारतीय संस्कृति, योग और वेदांत का गौरवमयी परचम लहराने वाले महान दार्शनिक, योगी और विचारक स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर कोटिशः नमन। आइए, हम सभी इस राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद जी के उच्च आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का संकल्प लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे