मप्र के मुख्यमंत्री आज दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में निवेश संभावनाओं पर करेंगे संवाद

 


भोपाल, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार को नई दिल्ली के प्रवास के दौरान ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम : 2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं तथा राज्य को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों पर विचार साझा करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी संजय सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम: 2026 में देश और दुनिया के प्रमुख उद्योगपति, नीति-निर्माता एवं वैश्विक विशेषज्ञ सहभागिता कर रहे हैं। शुक्रवार से शुरू हुए फोरम में आज ‘एमपी : अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया’ विषय पर विशेष फायरसाइड चैट आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

टेक्सटाइल क्षेत्र में मध्य प्रदेश में नई संभावनाओं पर होगी चर्चा

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में मध्य प्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को भी विशेष स्थान दिया गया है। इसमें आज 'वीविंग द फ्यूचर : बिल्डिंग एन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल वैल्यू चेन इन एमपी' विषय पर विशेष सत्र होगा। इसमें उद्योग सचिव, जॉन किंग्सली, ओरिएंट क्रॉफ्ट के संस्थापक एवं सुधीर धींगरा तथा पीडब्ल्यूसी इंडिया के रानेन बनर्जी सहभागिता करेंगे। इस सत्र में मध्य प्रदेश में एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन के विकास, उद्योगों के विस्तार तथा निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और नए अवसरों पर मंथन

जनसम्पर्क अधिकारी सक्सेना ने बताया कि फोरम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक पूंजी, नई अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संक्रमण, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला, भारत-अमेरिका संबंध और वैश्विक निवेश जैसे विषयों पर भी प्रमुख सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम : 2026 मध्य प्रदेश के लिए राज्य की निवेश क्षमता, औद्योगिक अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर